जीएसटी के नए टैक्स स्लैब का छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स ने किया स्वागत

रायपुर। जीएसटी काउंसिल द्वारा घोषित नए टैक्स स्लैब का छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स ने गर्मजोशी से स्वागत किया है। चेंबर के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर आभार व्यक्त किया।
थौरानी ने कहा कि यह फैसला व्यापारियों को बड़ी राहत देगा और व्यापार करना और आसान होगा। उन्होंने बताया कि नए प्रावधानों से न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
चेंबर ने इस निर्णय के लिए प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का भी धन्यवाद किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह कदम व्यापार और उद्योग जगत के लिए नई उम्मीद लेकर आया है।
इस मौके पर चेंबर संरक्षक श्रीचंद सुंदरानी, सलाहकार लाभचंद बाफना, कार्यकारी अध्यक्ष राधाकिशन सुंदरानी, कोषाध्यक्ष निकेश बरडिया समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।





