छत्तीसगढ़ की नगर पालिकाएं सीखेंगी सूरत से सफाई के गुर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सभी 55 नगर पालिकाओं के अध्यक्ष और मुख्य नगर पालिका अधिकारी अब सूरत की सफाई व्यवस्था से सीख लेंगे। देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल सूरत में वे तीन दिन का अध्ययन भ्रमण करेंगे।

अध्ययन यात्रा दो बैचों में होगी। पहले बैच में 28 अध्यक्ष और सीएमओ 28 से 30 अगस्त तक सूरत जाएंगे। वहीं दूसरा बैच 1 से 3 सितम्बर तक सफाई व्यवस्था का अध्ययन करेगा। यहां वे कचरा संग्रहण, अपशिष्ट प्रबंधन, घर-घर कचरा उठाने की व्यवस्था, स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन, जीपीएस वाहन सिस्टम और रियल टाइम ट्रैकिंग जैसी व्यवस्थाओं को देखेंगे।

प्रतिनिधि सूरत के बायोमाइनिंग, वेस्ट-टू-वेल्थ, लैंडफिल प्रबंधन और रिड्यूस-रीयूज-रिसायकल (RRR) केंद्र जैसे नवाचारों को भी समझेंगे। साथ ही वहां के अधिकारियों और नागरिकों से संवाद कर अपने शहरों में स्वच्छता बढ़ाने के उपाय सीखेंगे।

इससे पहले जून महीने में राज्य के 14 नगर निगमों के महापौर और आयुक्त इंदौर का भ्रमण कर चुके हैं। उनके अनुभवों पर रायपुर में कार्यशाला भी हुई थी और कई निगमों ने इंदौर की बेस्ट प्रैक्टिसेस अपनाना शुरू कर दिया है।

इसी कड़ी में अब नगर पालिकाओं को सूरत भेजा जा रहा है ताकि वे भी स्थानीय जरूरतों के हिसाब से नए नवाचार लागू कर सकें और अपने शहरों को और स्वच्छ व सुंदर बना सकें।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button