बिहार चुनाव एग्जिट पोल पर छत्तीसगढ़ BJP में खुशी, उप मुख्यमंत्री अरुण साव बोले – बिहार ने चुना सुशासन और विकास

रायपुर। बिहार चुनाव के एग्जिट पोल में एनडीए को बढ़त मिलते ही छत्तीसगढ़ के भाजपा नेताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बिहार का माहौल साफ है — वहां भारी बहुमत से एनडीए की सरकार बनने जा रही है। बिहार की जनता ने सुशासन और विकास को चुना है।
मीडिया से चर्चा में अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि एसआईआर (SIR) प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस बेबुनियाद आरोप लगा रही है। अधिकारी और कर्मचारी गंभीरता से घर-घर जाकर फॉर्म भरवा रहे हैं।
महतारी वंदन योजना की 22वीं किस्त से पहले ई-केवाईसी अनिवार्यता को लेकर कांग्रेस के बयान पर भी उन्होंने पलटवार किया। साव ने कहा, “ठगने और धोखा देने वाले लोगों को सब कुछ गलत ही नजर आता है।”
उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस सरकार ने पहले महिलाओं को हर महीने ₹500 देने का वादा किया था, लेकिन पांच साल तक नहीं दे पाई। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में वर्तमान सरकार अब तक 21 किस्तें महतारियों को दे चुकी है।
धान खरीदी को लेकर कर्मचारियों की हड़ताल पर उन्होंने कहा कि खरीदी समय पर शुरू होगी और सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।





