जापान-कोरिया दौरे से छत्तीसगढ़ को मिला फायदा: सीएम विष्णु देव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपनी हाल की जापान और दक्षिण कोरिया यात्रा का अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस दौरान विभिन्न कंपनियों के साथ 6 समझौता पत्र (MOU) पर हस्ताक्षर हुए हैं। उन्होंने कहा कि नई औद्योगिक नीति का लाभ छत्तीसगढ़ को मिल रहा है और जापान में वर्ल्ड एक्सपो में छत्तीसगढ़ पवेलियन को विशेष सराहना मिली।
नवा रायपुर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर में ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनने के बाद सीएम ने मीडिया से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह कार्यक्रम लोगों को प्रेरणा देता है और करोड़ों लोग इससे जुड़ते हैं। पीएम मोदी देशभर में हुए नवाचारों को दुनिया तक पहुंचाते हैं।
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा के गृह मंत्री अमित शाह को लेकर दिए गए अभद्र बयान पर सीएम विष्णु देव साय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असंसदीय भाषा की कोई जगह नहीं है और मैं इसकी निंदा करता हूं।
बस्तर बाढ़ को लेकर सीएम ने बताया कि विदेश दौरे के दौरान भी उन्होंने लगातार स्थिति की जानकारी ली और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों को निर्देश दिए। बाढ़ से कई लोगों की जान गई और फसलें नष्ट हुई हैं। प्रभावितों को मुआवजा देने और राहत कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही न होने के आदेश दिए गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चीन दौरे पर सीएम ने कहा कि मोदी जी की वजह से आज भारत का मान-सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। भारत सभी देशों से अच्छे संबंध बनाकर रखना चाहता है और चीन के साथ भी सकारात्मक माहौल की उम्मीद है।





