CCTV cameras for traders: बिलासपुर के व्यापार विहार में व्यापारियों ने स्वयं के खर्च से बिछाया सीसीटीवी कैमरों का जाल…
चप्पे-चप्पे पर रहेगी तीसरी आंख की नजर

बिलासपुर शहर समेत ग्रामीण अंचलों में लगातार बढ़ती लूट, उठाईगिरी और चोरी की वारदातों ने (CCTV cameras for traders) व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। इन आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों को गश्त बढ़ाने व सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए जाते रहे हैं। पुलिस विभाग द्वारा अक्सर व्यावसायिक संस्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों के संचालकों से सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील भी की जाती रही है।
अपराधों पर अंकुश लगाने व्यापारियों की एकजुटता, (CCTV cameras for traders)
इसी कड़ी में सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए व्यापार विहार स्थित माल गोदाम क्षेत्र के व्यापारियों ने एक मिसाल पेश की है। पुलिस प्रशासन के सुझाव और अपनी सुरक्षा के मद्देनजर व्यापार संघ ने स्वयं के खर्चे पर पूरे क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों से लैस कर दिया है। अब इस पूरे व्यापारिक केंद्र के चप्पे-चप्पे पर ‘तीसरी आंख’ का पहरा होगा।
व्यापारियों की इस सामूहिक पहल का मुख्य उद्देश्य संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और किसी भी अनहोनी की स्थिति में पुलिस को त्वरित साक्ष्य उपलब्ध कराना है। स्थानीय व्यापारियों का मानना है कि कैमरों की निगरानी शुरू होने से न केवल अपराधियों में भय व्याप्त होगा, बल्कि माल गोदामों में होने वाली छोटी-मोटी चोरियों और उठाईगिरी की घटनाओं में भी भारी कमी आएगी। व्यापारियों द्वारा उठाई गई इस जिम्मेदारी की शहर में काफी सराहना हो रही है, क्योंकि इस डिजिटल सुरक्षा कवच से पुलिस की तफ्तीश में भी काफी मदद मिलेगी।





