ड्राइवर से मारपीट का मामला, अज्ञात युवकों के खिलाफ FIR दर्ज

बिलासपुर। जिले के परसदा ट्रांसपोर्ट नगर में एक माजदा वाहन चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना 3 अप्रैल 2025 की रात करीब 12:10 बजे की है। पीड़ित ड्राइवर दौलत मेटाडोर ट्रांसपोर्ट में काम करता है और रोज़ की तरह उस रात भी वह माजदा वाहन लेकर परसदा पहुंचा था।
इसी दौरान दो से तीन अज्ञात युवक उसके पास आए और गाड़ी ठीक से न चलाने का आरोप लगाकर पहले गाली-गलौच करने लगे। जब ड्राइवर ने इसका विरोध किया तो युवकों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि उनमें से एक युवक ने अपने हाथ में पहने चूड़े से उस पर वार किया, जिससे उसे बाएं हाथ में चोट लग गई।
घायल ड्राइवर ने घटना की शिकायत थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस सीसीटीवी फुटेज और आस-पास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
इस घटना से ट्रांसपोर्ट नगर में काम कर रहे अन्य ड्राइवरों में भी दहशत का माहौल है। उनका कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।





