रायपुर में कार ने बाइक को 8 किमी तक घसीटा, ड्राइवर की पिटाई

रायपुर। रायपुर के माना एक्सप्रेस-वे पर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार सूरज निषाद दूर जा गिरा, जबकि उसकी बाइक कार के बंपर में फंस गई और ड्राइवर ने उसे करीब 8 किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया। घटना के दौरान बाइक कार के नीचे फंसी रही और एक्सप्रेस-वे पर रगड़ती हुई चिंगारियां निकलती रहीं। लोग इस नजारे को देखकर हैरान रह गए। राहगीरों ने कार का पीछा शुरू किया और आखिरकार ड्राइवर को पकड़ लिया।
लोगों ने की ड्राइवर की जमकर पिटाई
ड्राइवर विनय अग्रवाल को डूमरतराई के पास लोगों ने घेर लिया और गुस्से में उसकी जमकर पिटाई कर दी। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल हो गया है, जिसमें लोग ड्राइवर पर लात-घूंसे बरसाते नजर आ रहे हैं।
घायल बाइक सवार अस्पताल में भर्ती
बाइक सवार सूरज निषाद को पैर और कमर में गंभीर चोटें आईं। उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। बताया जा रहा है कि कार ने रास्ते में दो अन्य लोगों को भी टक्कर मारी, हालांकि उन्होंने पुलिस में शिकायत नहीं की। माना पुलिस ने कार जब्त कर ली है और मामला सिविल लाइन थाने को सौंप दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





