BSP में बड़ी कार्रवाई: दो महाप्रबंधक निलंबित, असुरक्षित कार्य पर जीरो टॉलरेंस

दुर्ग। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के शीर्ष प्रबंधन ने हाल ही में कार्यस्थल पर हुई कर्मचारियों की मौत और घायल होने की घटनाओं को बेहद गंभीरता से लेते हुए कड़ा कदम उठाया है। सुरक्षा में लापरवाही पाए जाने पर सिंटर प्लांट-3 के महाप्रबंधक शंकर मोरी और ऊर्जा प्रबंधन विभाग के महाप्रबंधक सुब्रमणि रमणी को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
इसके साथ ही ऊर्जा प्रबंधन विभाग के दो अन्य अधिकारियों को चेतावनी पत्र जारी किया गया है, जबकि दो महाप्रबंधकों को एडवाइजरी लेटर दिए गए हैं।
प्रबंधन ने साफ कहा है कि असुरक्षित कार्य या असुरक्षित कार्यप्रणाली को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जीरो टॉलरेंस की यह नीति पहले की तरह आगे भी कड़ाई से लागू रहेगी।
सभी दुर्घटनाओं का विस्तृत रूप से कारण खोजा गया है, ताकि हर बिंदु का सही मूल्यांकन हो सके। भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए सुधारात्मक कदमों की रूपरेखा तैयार करके संबंधित विभागों को कड़ाई से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।





