गोवा के फाइव स्टार होटल में दबोचा गया सटोरिया नवीन बत्रा, पूरे गैंग के साथ गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर का कुख्यात सट्टा खाईवाल नवीन बत्रा आखिरकार गोवा पुलिस के हत्थे चढ़ गया। लंबे समय से फरार चल रहा नवीन बत्रा अपने पूरे गैंग के साथ गोवा के एक फाइव स्टार होटल में ऑनलाइन सट्टा संचालित करते पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उसके साथ 11 अन्य सटोरियों को भी गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, रायपुर में पुलिस की निगाह में आने के बाद नवीन बत्रा फरार हो गया था और गोवा में ठिकाना बदलकर अपने नेटवर्क को ऑपरेट कर रहा था। वह अपने गुर्गों के जरिए छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में ऑनलाइन सट्टे का कारोबार चला रहा था। गोवा के ‘द मेंट्री होटल’ में वह दिल्ली, बिहार और जयपुर के सटोरियों के साथ बैठकर क्रिकेट मैचों की कटिंग ले रहा था।
शुक्रवार सुबह नॉर्थ गोवा पुलिस ने होटल में छापेमारी की। उस वक्त न्यूजीलैंड और यूएई के बीच चल रहे टी-20 मैच पर सट्टा लगाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से 2 लाख रुपए नकद, 10 मोबाइल फोन और कई लैपटॉप जब्त किए हैं।
गोवा पुलिस को कई दिनों से होटल में ऑनलाइन सट्टा चलने की सूचना मिल रही थी। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद एसपी नॉर्थ निधिन वलसान और एसडीपीओ पोरोरिम विश्वेश करपे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने होटल में दबिश देकर पूरे गैंग को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में आईपीएस अधिकारी सचिन यादव, विकास, पीएसआई प्रतीक भट्टप्रभु समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।
गिरफ्तार आरोपियों में नई दिल्ली के संजय शुब्बा और रितेश जायसवाल, अकोला के करन पाटिल और अमित मोरे, धनबाद के अंकित कुमार, जयपुर के आशीष मंत्री, बिलासपुर के वीरेंद्र सिंह और रायपुर के सूरज नागदेव, किशन पोपटानी व श्रेय शर्मा शामिल हैं। सक्ती निवासी टिकेश कुर्रे को भी पुलिस ने पकड़ा है।
गोवा पुलिस ने गिरफ्तारी की सूचना रायपुर पुलिस को दे दी है। इसके बाद रायपुर पुलिस की टीम गोवा रवाना हो गई है। पुलिस का दावा है कि नवीन बत्रा के खिलाफ कई मामलों में जांच चल रही है और उसे जल्द रायपुर लाकर पूछताछ की जाएगी।





