भाजपा का कार्यकर्ता सम्मान समारोह आज, 1000 से अधिक सदस्य बनाने वालों को मिलेगा सम्मान

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए गए ‘संगठन महापर्व : सदस्यता अभियान’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ताओं का सम्मान समारोह आज 2 अगस्त को नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 1000 से अधिक सदस्य बनाने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित करेंगे। सम्मान समारोह के बाद सम्मानित कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री निवास में भोज का निमंत्रण भी दिया गया है।
भाजपा सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक अनुराग सिंहदेव ने बताया कि इस अभियान में प्रदेश ने 60 लाख से अधिक सदस्य बनाकर नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। पार्टी द्वारा तय किए गए मापदंडों के अनुसार, 1000 सदस्य बनाने वाले कार्यकर्ताओं को दीप सम्मान, 3000 सदस्य बनाने वालों को सदस्यता श्री सम्मान, 5000 के लिए गौरव सम्मान, 10000 के लिए सदस्यता रत्न और 20000 से अधिक सदस्य बनाने वालों को सदस्यता भूषण सम्मान दिया जाएगा।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने विपरीत परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद अभूतपूर्व समर्पण दिखाया है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान समारोह कार्यकर्ताओं के उत्साह को नई ऊर्जा देगा और भाजपा को न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि देशभर में सबसे बड़े लोकतांत्रिक संगठन के रूप में स्थापित करने में सहायक रहेगा। श्री देव ने सभी कार्यकर्ताओं के प्रयासों को सलाम करते हुए इसे भाजपा के संगठनात्मक मजबूती का प्रमाण बताया।





