रायपुर भाजपा कार्यालय में जश्न: पांच राज्यों के रुझानों में BJP को बढ़त

रायपुर। पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में जारी मतगणना के बीच शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी को बढ़त मिलती दिख रही है। खासतौर पर असम और पश्चिम बंगाल में पार्टी मजबूत स्थिति में नजर आ रही है, जबकि पुडुचेरी में भी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की वापसी के संकेत मिल रहे हैं।
इन रुझानों के बीच राजधानी रायपुर स्थित जिला भाजपा कार्यालय ‘एकात्म परिसर’ में जश्न का माहौल बन गया है। जैसे-जैसे पार्टी के पक्ष में खबरें आती गईं, वैसे-वैसे कार्यकर्ताओं की भीड़ बढ़ती गई।
ढोल-नगाड़ों की गूंज, नारेबाजी और आतिशबाजी के बीच कार्यकर्ता एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर कर रहे हैं। पूरा परिसर उत्साह से भरा हुआ नजर आ रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव भी जल्द ही एकात्म परिसर पहुंच सकते हैं। उनके स्वागत की तैयारियों के चलते कार्यकर्ताओं में और ज्यादा उत्साह देखने को मिल रहा है।





