छत्तीसगढ़ का गौरव बना बिल्हा, पूरे देश में स्वच्छता में नंबर वन

रायपुर। छत्तीसगढ़ की नगर पंचायत बिल्हा ने पूरे भारत में नाम रोशन कर दिया है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2024–25 में बिल्हा ने 20,000 से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। इस बड़ी उपलब्धि के लिए 17 जुलाई 2025 को दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बिल्हा नगर पंचायत को सम्मानित किया।
इस गर्व भरे पल की चर्चा आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में भी की। उन्होंने कहा कि बिल्हा की महिलाओं ने वेस्ट मैनेजमेंट की ट्रेनिंग लेकर शहर की तस्वीर बदल दी। यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है।
बिल्हा की आबादी लगभग 15,000 है। यहां 28 स्वच्छता दीदियाँ काम कर रही हैं, जो ई-रिक्शा से घर-घर जाकर कचरा इकट्ठा करती हैं और उसे अलग-अलग करके SLRM सेंटर में ले जाती हैं। वहां गीले कचरे से खाद बनाई जाती है और सूखे कचरे को बेचकर महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं।
इसके अलावा, नगर में 10 स्वच्छता कमांडो भी तैनात हैं, जो पूरे शहर में सफाई और जन-जागरूकता का काम कर रहे हैं। नगर पंचायत द्वारा मुनादी, साफ-सफाई अभियान, और घर-दुकानों से सीधा कचरा संग्रहण जैसे प्रयासों से लोग अब खुद ही कचरा अलग करके देने लगे हैं।
इस सफलता के पीछे नगर पंचायत के सभी कर्मचारी, अधिकारी, स्वच्छता दीदियाँ, और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मेहनत और समर्पण है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर बिल्हा नगर पंचायत को बधाई दी और कहा कि यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का पल है।
विज्ञान भवन में हुए सम्मान समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, नगर पंचायत अध्यक्ष वंदना जेन्ड्रे, CMO प्रवीण सिंह गहलोत, उपाध्यक्ष सतीश शर्मा सहित कई अधिकारी और सफाई कर्मी शामिल हुए।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के सभी नगरीय निकायों के लिए एक प्रेरणा है और हम सभी मिलकर राज्य को स्वच्छता में देश के शीर्ष राज्यों में बनाए रखेंगे।
बिल्हा की इस कामयाबी ने साबित कर दिया है कि जब महिलाएं, समाज और शासन मिलकर प्रयास करते हैं, तो कोई भी लक्ष्य नामुमकिन नहीं होता।





