कोटा विधानसभा में सालों से लंबित स्थानीय रहवासियों की मांग को सीएम ने किया पूरा, कांग्रेस को घेरा

बिलासपुर। आमागोहन में आयोजित समाधान शिविर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को जनता को संबोधित करते हुए पिछली सरकार पर जोरदार हमला बोला।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने केवल राजनीतिक कारणों से जरूरतमंदों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं दिया, क्योंकि उस योजना में “प्रधानमंत्री” नाम जुड़ा था। मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता में आने के बाद उनकी सरकार ने 18 लाख पीएम आवास स्वीकृत किए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार का उद्देश्य जन-कल्याण और पारदर्शिता है, न कि राजनीति करना।
बेलगहना को मिली सौगात
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान बेलगहना क्षेत्र के लिए कई विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें कॉलेज, विद्युत सब स्टेशन और सामुदायिक भवन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से क्षेत्र के युवाओं और ग्रामीणों को बड़ा लाभ मिलेगा।
शिविर में लाभार्थी विमला साहू ने बताया कि उन्हें महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने ₹1000 मिलते हैं, जिसे वे अपनी नातिन के नाम से सुकन्या समृद्धि योजना में जमा कर रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस योजना से माताओं को आत्मनिर्भर बनने का मौका मिला है।
पीएम आवास योजना ने बदली जिंदगी
मोहली गांव के छोटेलाल बैगा ने कहा कि पीएम आवास योजना से उनका जीवन पूरी तरह बदल गया है। पहले वे कच्चे घर में रहते थे, जहां बरसात और जहरीले जीव-जंतुओं से हमेशा खतरा बना रहता था। अब पक्के घर में उन्हें सुरक्षित जीवन मिला है।
आयुष्मान कार्ड से राहत
शिविर में दिलेश्वरी नाम की हितग्राही ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत उनका स्वास्थ्य कार्ड बन गया है, जिससे अब इलाज की चिंता खत्म हो गई है। उन्होंने कहा कि पहले इलाज के लिए पैसे नहीं होते थे, लेकिन अब किसी भी सरकारी और कई प्राइवेट अस्पतालों में मुफ्त इलाज संभव हो सका है।
धार्मिक योजनाओं का भी मिला लाभ
मुख्यमंत्री ने रामलला दर्शन योजना और तीर्थयात्रा दर्शन योजना की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं से हजारों लोग धार्मिक स्थलों के दर्शन कर पा रहे हैं, जो पहले उनके लिए सपना जैसा था।
मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि उनकी सरकार हर वर्ग के लिए काम कर रही है — गरीब, किसान, महिला और युवा — और यही “नए छत्तीसगढ़” की दिशा है।





