बिलासपुर : लव मैरिज के बाद लापता युवती को ढूंढकर 28 अगस्त तक कोर्ट में पेश करने का आदेश

बिलासपुर: लव मैरिज करने वाली एक युवती अचानक लापता हो गई है। आरोप है कि उसके परिजन उसे जबरन अपने साथ ले गए और उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा। युवती के पति सूरज बंजारे ने पुलिस से मदद मांगी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
परेशान होकर सूरज ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने इसे गंभीर मानते हुए मुंगेली एसपी को आदेश दिया है कि 28 अगस्त तक हर हाल में युवती को बरामद कर कोर्ट में पेश किया जाए। साथ ही युवती के पिता को भी कोर्ट में उपस्थित रहने को कहा गया है।
जानकारी के अनुसार, सूरज बंजारे और मुंगेली की रहने वाली युवती के बीच दोस्ती से शुरू हुई बात शादी तक पहुंची। दोनों ने रायपुर के आर्य समाज मंदिर में विवाह किया और पति-पत्नी की तरह साथ रहने लगे। लेकिन कुछ समय बाद युवती के परिजन आए और उसे जबरन अपने साथ ले गए।
सूरज का कहना है कि उसकी पत्नी वापस आने वाली थी, लेकिन वह घर नहीं लौटी। उसने परिजनों से भी जानकारी मांगी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। पुलिस ने भी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की।
सूरज ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर आशंका जताई है कि उसकी पत्नी की जान खतरे में हो सकती है। अब कोर्ट ने पुलिस को तुरंत कार्रवाई करने और युवती की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।





