बिलासपुर एयरपोर्ट पर शुरू होगी रात में उड़ानों की सुविधा, डीजीसीए से मिला नाइट लैंडिंग लाइसेंस

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट को लंबे इंतजार के बाद नाइट लैंडिंग का लाइसेंस मिल गया है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने एयरपोर्ट को 3सी-आईएफआर श्रेणी का लाइसेंस जारी किया है, जिससे अब यहां रात और खराब मौसम में भी विमानों का संचालन संभव हो सकेगा।
लाइसेंस जारी होने के बाद अब एयरपोर्ट से देर शाम और रात की उड़ानों की शुरुआत की तैयारी की जा रही है। समर शेड्यूल में उड़ानों के समय में बदलाव होने की संभावना है, जिससे यात्रियों को सुबह, दोपहर के साथ-साथ शाम और रात में भी हवाई यात्रा की सुविधा मिल सकेगी।
एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग सिस्टम की कमीशनिंग पहले ही पूरी हो चुकी है। इसके तकनीकी परीक्षण के लिए डीजीसीए की टीम फरवरी माह में निरीक्षण करेगी। इसके बाद नियमित रूप से रात में विमानों का संचालन शुरू किया जाएगा।
3सी-आईएफआर लाइसेंस मिलने से अब बारिश, कोहरे और कम दृश्यता की स्थिति में भी विमान सुरक्षित लैंड कर सकेंगे। पहले यहां केवल विजुअल फ्लाइट रूल्स के तहत संचालन होता था, जिसमें रनवे का स्पष्ट दिखाई देना जरूरी था। अब इंस्ट्रूमेंट फ्लाइट रूल्स के तहत उपकरणों की मदद से उड़ानें संचालित होंगी।
इस सुविधा से बिलासपुर एयरपोर्ट पर उड़ानों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। वर्तमान में यहां केवल एलायंस एयर की सेवाएं संचालित हो रही हैं, लेकिन इंडिगो, स्पाइसजेट और आकासा एयर जैसी कंपनियां भी यहां से उड़ान शुरू करने की तैयारी कर रही हैं।
डीजीसीए ने लाइसेंस के साथ कुछ शर्तें भी तय की हैं। इनमें मानक संचालन प्रक्रिया का पालन, बिजली और विजिबिलिटी से जुड़ी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना और आवश्यक मैनपावर की तैनाती शामिल है। साथ ही एयरपोर्ट की जानकारी ई-एआईपी इंडिया में अपडेट करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
नाइट लैंडिंग की सुविधा मिलने से क्षेत्र के विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है। उड़ानों की संख्या बढ़ने से व्यापार, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही एयरपोर्ट पर नाइट पार्किंग और अलसुबह उड़ानों के संचालन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
भविष्य में एयरपोर्ट को 4सी श्रेणी में अपग्रेड करने का लक्ष्य भी रखा गया है। इसके तहत 24 घंटे संचालन, रोजगार के नए अवसर और बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में काम किया जाएगा। इससे यात्रियों को अधिक रूट और कम किराए का लाभ मिलने की संभावना है।





