सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई बाइक, तीन युवकों की मौत: आक्रोशित ग्रामीणों ने वाहन में लगाई आग

प्रतापपुर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर बैकोना गांव से प्रतापपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
हादसे के बाद मचा हड़कंप
जानकारी के मुताबिक, बैकोना गांव से कुछ दूरी पहले डायल-112 की टीम एक ट्रक को रोककर जांच कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।
ग्रामीणों में आक्रोश, ट्रक को किया आग के हवाले
हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने दुर्घटना में शामिल ट्रक में आग लगा दी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क पर वाहन रोककर जांच की जा रही थी तो सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाने चाहिए थे। घटना के बाद क्षेत्र में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
जांच में जुटी पुलिस, उठ रहे कई सवाल
घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं कि वाहन जांच के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। साथ ही डायल-112 टीम द्वारा वाहन रोकने की प्रक्रिया को लेकर भी चर्चा हो रही है। हालांकि पुलिस अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।





