छत्तीसगढ़ में शिक्षकों को बड़ी सौगात, 1227 व्याख्यताओं को मिला प्रमोशन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर राज्य सरकार शिक्षा क्षेत्र में लगातार सुधार के प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में स्कूल शिक्षा विभाग ने एक और बड़ा फैसला लिया है। विभाग ने आज, 23 जुलाई 2025 को 1227 व्याख्याताओं (टी संवर्ग) को पदोन्नति (प्रमोशन) देने का आदेश जारी कर दिया है।
इन शिक्षकों की पदस्थापना अब काउंसिलिंग के जरिए की जाएगी। जिन विषयों के शिक्षकों को प्रमोशन मिला है, उनमें हिन्दी, अंग्रेज़ी, संस्कृत, गणित, भौतिकी, रसायन, जीवविज्ञान, राजनीति शास्त्र, इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र और वाणिज्य जैसे मुख्य विषय शामिल हैं।
सरकार का कहना है कि यह फैसला यह दिखाता है कि राज्य सरकार अपने शिक्षकों को उनके काम, योग्यता और वरिष्ठता के आधार पर समय पर प्रमोशन देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
बीते एक साल में बड़ी पहलें:
स्कूल शिक्षा विभाग ने पिछले एक साल में करीब 7000 पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी की है।
2621 सहायक शिक्षक (विज्ञान प्रयोगशाला) की सीधी भर्ती काउंसिलिंग के माध्यम से की गई, जिससे स्कूलों में प्रयोगात्मक शिक्षा को मजबूती मिली।
30 अप्रैल 2025 को लगभग 2900 प्राचार्यों को भी प्रमोशन दिया गया था। जल्द ही इन प्राचार्यों की पोस्टिंग भी काउंसिलिंग से की जाएगी।
ई संवर्ग के प्राचार्यों से जुड़े मामले अभी न्यायालय में लंबित हैं, जिन पर कोर्ट के फैसले के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस तरह की पहल से न केवल शिक्षकों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।





