कोटा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 162 लीटर कच्ची शराब जब्त, 700 लीटर नष्ट

कोटा। “सुशासन तिहार” और “चेतना विरुद्ध नशा व प्रहार” अभियान के तहत कोटा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने कोटा क्षेत्र के ग्राम बिल्लीबंद और कपसिया कला में दबिश देकर दो अलग-अलग मामलों में कुल 162 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 32,400 रुपये बताई गई है।
पुलिस की इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें अमरीका बाई लहरे और छोटू उर्फ राजेश्वर बंजारे शामिल हैं। इनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
कोटा थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल को दो टीमों में बांटा गया था। पहली टीम ने ग्राम बिल्लीबंद में दबिश दी, जहां से आरोपी छोटू के पास से 12 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। दूसरी टीम ने ग्राम कपसिया कला में कार्रवाई की, जहां महिला आरोपी अमरीका बाई लहरे के पास से 150 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई।
इसके अलावा, दोनों जगहों पर छिपाकर रखे गए 600 से 700 लीटर से अधिक अवैध महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।





