केंद्रीय बजट पर भूपेश बघेल का हमला -“निराशाजनक बजट, छत्तीसगढ़ को अडानी के लिए छोड़ा गया”

रायपुर। केंद्रीय बजट को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। भूपेश बघेल ने बजट को पूरी तरह निराशाजनक बताते हुए कहा कि इस बजट से देश के किसी भी वर्ग को राहत नहीं मिली है और छत्तीसगढ़ को अडानी के लिए छोड़ दिया गया है।

मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि बजट का असर प्रतिगामी दिखाई दे रहा है। न इसमें कृषि के लिए कुछ है, न उद्योग के लिए, न रोजगार और न ही मजदूरों के हित में कोई ठोस प्रावधान किया गया है। इसी वजह से शेयर बाजार सहित अन्य क्षेत्रों में भी गिरावट देखने को मिली।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मिडिल क्लास के लिए भी बजट में कुछ नहीं है। इनकम टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बजट में बस इतना दिखा कि शराब महंगी हो गई और मछली सस्ती। शराब की दुकानों की संख्या बढ़ाई गई है और दाम भी बढ़ा दिए गए हैं, जिससे अवैध शराब के कारोबार को बढ़ावा मिलेगा।

धान खरीदी को लेकर उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार 31 जनवरी तक धान खरीदी नहीं कर पाई, जबकि किसान सड़कों पर उतर आए थे। उन्होंने कहा कि जब भाजपा के नेता खुद अपना बचत धान नहीं बेच पाए तो आम किसानों की स्थिति क्या होगी। प्रधानमंत्री की 3100 रुपये प्रति क्विंटल में धान खरीदी की गारंटी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हकीकत में किसी का धान नहीं बिक पाया। छोटे किसानों से समर्पण कराया गया और बड़े किसानों को टोकन तक नहीं मिला, जिससे हालात और बिगड़ गए।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button