छत्तीसगढ़ में अफीम की खेती पर भूपेश बघेल की चिंता, लोगों से निगरानी रखने की अपील

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अफीम की खेती को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चिंता जताई है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि प्रदेश में हालात चिंताजनक होते जा रहे हैं और सभी को मिलकर छत्तीसगढ़ को बचाने की जरूरत है।
भूपेश बघेल ने कहा कि सभी कांग्रेसजन और आम नागरिक अपने-अपने क्षेत्रों में खेतों और आसपास के इलाकों पर नजर रखें। उन्होंने लोगों से अपील की कि सर्च ऑपरेशन चलाकर यह देखें कि कहीं उनके आसपास भी अफीम की खेती तो नहीं हो रही है। अगर कहीं भी ऐसी खेती की जानकारी मिलती है तो तुरंत संबंधित थाने में शिकायत करें और सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से कांग्रेस पार्टी तक भी सूचना पहुंचाएं।
‘सूखे नशे का अड्डा बनता जा रहा छत्तीसगढ़’
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा सरकार के संरक्षण में अफीम की खेती के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले दुर्ग और उसके बाद बलरामपुर में अफीम की खेती के दो मामले सामने आ चुके हैं।
भूपेश बघेल का कहना है कि भाजपा सरकार के दौरान छत्तीसगढ़ “सूखे नशे” का अड्डा बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि हालात गंभीर हैं और प्रदेश को इस स्थिति से बचाने के लिए सभी लोगों को सतर्क रहने और मिलकर कार्रवाई करने की जरूरत है।





