भूपेश बघेल का अमित शाह पर हमला, बोले- बस्तर को लेकर दी गई गलत जानकारी

भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर बस्तर और नक्सलवाद को लेकर गलत जानकारी देने का आरोप लगाया है। रायपुर में आयोजित पत्रकारवार्ता में बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद खत्म होने की घोषणा का कांग्रेस स्वागत करती है, लेकिन केंद्रीय क्षेत्रीय परिषद की बैठक में अमित शाह ने जो बातें कही, वे “झूठ का पुलिंदा” हैं।

भूपेश बघेल ने कहा कि 2018 से 2023 तक कांग्रेस सरकार ने बस्तर में नक्सल उन्मूलन के लिए मजबूत काम किया था, जिसकी वजह से वर्तमान सरकार अभियान चलाने में सफल हुई। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासनकाल में ही कई गांव और कोंडागांव जिला नक्सल मुक्त घोषित हो चुके थे।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अमित शाह को यह नहीं बताया गया कि कांग्रेस सरकार के दौरान बंद पड़े 275 स्कूल दोबारा खोले गए थे। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार अब प्रदेश में हजारों स्कूल बंद करने जा रही है, जिनमें बड़ी संख्या बस्तर संभाग की है।

बघेल ने राशन वितरण, सड़क निर्माण, सुरक्षा कैंप और वनाधिकार पट्टों को लेकर भी कांग्रेस सरकार के काम गिनाए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार भी उस समय राज्य सरकार के कामों की तारीफ करती थी।

उन्होंने भाजपा की पूर्व रमन सिंह सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में फर्जी एनकाउंटर, गांव खाली कराने और आदिवासियों को परेशान करने जैसी घटनाएं हुईं।

वहीं नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने बस्तर में हर आदिवासी परिवार को गाय-भैंस देने की योजना पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पहले भी ऐसी योजना ला चुकी है, लेकिन वह सफल नहीं रही थी।

महंत ने कहा कि गुजरात के आनंद मॉडल की तारीफ अच्छी बात है, लेकिन भाजपा को यह भी याद रखना चाहिए कि सहकारी दुग्ध आंदोलन की सफलता कांग्रेस शासनकाल में शुरू हुई थी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button