भिलाई में भूपेश बघेल का केंद्र पर हमला, बोले- वैश्विक तनाव से ध्यान भटकाने की कोशिश

भिलाई में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वैश्विक राजनीति और केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में दुनिया में सबसे ज्यादा डरा हुआ देश अमेरिका है, जिसे अपने डॉलर की चिंता सता रही है। इसी वजह से वह तेल उत्पादक देशों में दखल दे रहा है।

उन्होंने कहा कि जहां-जहां तेल है, वहां किसी न किसी रूप में हस्तक्षेप देखने को मिल रहा है। वेनेजुएला, ईरान जैसे देशों के उदाहरण देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि वैश्विक संघर्षों के पीछे आर्थिक हित प्रमुख कारण हैं। बघेल ने यह भी कहा कि ईरान-इजराइल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं और कुछ मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए अंतरराष्ट्रीय माहौल को तनावपूर्ण बनाया जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया विदेश दौरों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग खुद को मजबूत नेतृत्व का प्रतीक बताते थे, वे मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात पर चुप हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें मौन कहा जाता था, लेकिन जब वे बोलते थे तो दुनिया सुनती थी।

भूपेश बघेल ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि अगर पश्चिम एशिया में हालात और बिगड़े तथा समुद्री मार्ग प्रभावित हुए तो देश में ईंधन आपूर्ति पर असर पड़ सकता है, जिससे कीमतें बढ़ने की संभावना है।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और अन्य राजनीतिक मुद्दों पर भी टिप्पणी की। साथ ही मंच से कुछ नेताओं पर हल्के-फुल्के अंदाज में चुटकी भी ली। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे और होली का पर्व पारंपरिक ढंग से मनाया गया।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई