6 साल से बंद दुर्ग इंटरसिटी का इंतज़ार, बसों के भरोसे बस्तरवासी

जगदलपुर। कोरोना काल में बंद की गई जगदलपुर–दुर्ग इंटरसिटी एक्सप्रेस अब तक दोबारा शुरू नहीं हो सकी है। बीते छह वर्षों से बस्तरवासी इसकी मांग उठा रहे हैं, लेकिन नतीजा शून्य रहा। हालात यह हैं कि आज बस्तर से रायपुर और दुर्ग जाने के लिए एनएच की बसें ही एकमात्र विकल्प बची हैं।
बस्तर से आयरन ओर की ढुलाई करीब 70 वर्षों से हो रही है, लेकिन इतने लंबे समय में रेल सुविधाओं के नाम पर क्षेत्र को सिर्फ पांच ट्रेनें ही मिल पाई हैं। इनमें से भी जगदलपुर–किरंदुल ट्रेन बार-बार रद्द होती रहती है, जिससे यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं।
राजधानी से बस्तर को जोड़ने के लिए शुरू की गई हवाई सेवा भी कुछ समय बाद बंद कर दी गई। अब दुर्ग इंटरसिटी और हवाई सेवा दोनों बंद होने से लोगों को महंगे साधनों पर निर्भर होना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि बस से रायपुर या दुर्ग जाने में 700–800 रुपये तक खर्च होते हैं, जबकि ट्रेन का किराया काफी कम होता है। ऐसे में इंटरसिटी के दोबारा शुरू होने से आम लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है।
रेल मंत्री से हो चुकी है चर्चा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि केंद्र सरकार रेलवे सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है और रेल मंत्री से इस मुद्दे पर चर्चा हो चुकी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दुर्ग इंटरसिटी ट्रेन जल्द शुरू होगी, वहीं बंद पड़ी हवाई सेवा को मार्च तक फिर से चालू करने की तैयारी भी चल रही है।





