Bastar Bandh: आज बस्तर संभाग बंद, व्यापारियों ने समर्थन कर बंद रखी दुकानें

बस्तर। विश्व हिन्दू परिषद और आदिवासी समाज के लोगों ने 7 जनवरी को बस्तर बंद का आह्वान किया था, जिसका भरपूर असर देखने मिला है। व्यापारियों ने भी बंद का समर्थन करते हुए दुकानें पूरी तरह से बंद रखी। इस दौरान विश्व हिन्दू परिषद और आदिवासी समाज के लोगों ने सुबान से बाइक रैली निकालकर लोगों से बंद को समर्थन देने का आग्रह किया। गौरतलब है कि बस्तर में पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या, जवानों पर नक्सली हमला और धर्मांतरण पर विवाद को लेकर बस्तर संभाग बंद का आह्वान किया गया था। वहीं इस बंद को चेंबर ऑफ कॉमर्स सहित सभी संगठनों ने अपना समर्थन देकर बंद को सफल बनाया।
2025 का बड़ा नक्सली हमला
बीजापुर जिले में सोमवार को बड़ा नक्सली हमला हुआ। उसूर ब्लॉक के कुटरू के पास अंबेली गांव में नक्सलियों ने जवानों को लेकर जा रही गाड़ी को विस्फोट कर उड़ा दिया। इसमें दंतेवाड़ा डीआरजी के 8 जवान शहीद हो गए। वहीं, ड्राइवर तुलेश्वर राना की भी मौत हुई है. पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि बीजापुर से जॉइंट पार्टी ऑपरेशन से लौट रही थी। अंबेली गांव के पास दोपहर करीब सवा 2 बजे नक्सलियों ने आईईडी विस्फोट कर दिया। यह बीते दो साल में राज्य में सुरक्षा बलों पर नक्सलियों का सबसे बड़ा और 2025 का पहला हमला है।





