शालीमार-कुर्ला एक्सप्रेस से भाग रहा बांग्लादेशी नागरिक दुर्ग में गिरफ्तार, मुंबई पुलिस को थी गोपनीय सूचना

दुर्ग। जीआरपी पुलिस ने शनिवार को शालीमार-कुर्ला एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक बांग्लादेशी नागरिक को बिना वैध दस्तावेज के गिरफ्तार किया। आरोपी के पास न पासपोर्ट था, न वीजा और न ही भारत में रहने का कोई वैध प्रमाण।

जानकारी के मुताबिक, मुंबई पुलिस से दुर्ग जीआरपी को 7 नवंबर को सूचना मिली थी कि एक बांग्लादेशी नागरिक, जो मुंबई में दर्ज एक मामले का आरोपी है, ट्रेन से कोलकाता होते हुए बांग्लादेश भागने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम सतर्क हो गई और दुर्ग स्टेशन पर तैनात हो गई।

जैसे ही ट्रेन स्टेशन पहुंची, पुलिस ने एस-1 कोच में दबिश देकर संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अजमीर शेख, निवासी बांग्लादेश के रूप में हुई। जीआरपी थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी ने जनरल टिकट लेकर यात्रा शुरू की थी और बाद में टीटी से बात कर स्लीपर कोच में सीट बनवा ली थी।

पुलिस जांच में पता चला कि उसके खिलाफ मुंबई में पहले से एफआईआर दर्ज है। दुर्ग में गिरफ्तारी की खबर मिलते ही मुंबई पुलिस की टीम रायपुर फ्लाइट से पहुंची और वहां से सड़क मार्ग से दुर्ग के लिए रवाना हो गई।

औपचारिक पूछताछ और दस्तावेजी कार्रवाई के बाद आरोपी को मुंबई पुलिस अपने साथ ले जाएगी। पुलिस को शक है कि अजमीर शेख के अन्य साथी भी भारत में सक्रिय हो सकते हैं। इस दिशा में अब खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर जांच की जा रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button