BANGLADESH HINSA REPORT: हिंसा में 1400 की मौत, ज्यादातर मौतें सुरक्षा बलों की गोली से; प्रदर्शनकारी छात्रों ने नई पार्टी बनाई

ढाका। बांग्लादेश में हुई हिंसा की रिपोर्ट संयुक्त राष्ट्र ने साझा की है। रिपोर्ट में यह दावा है, कि बांग्लादेश में 2024 में सरकार विरोधी छात्र प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसा में 1400 लोगों की मौत हो गई, जिनमें ज्यादातर लोग सुरक्षा बलों की गोलीबारी से मारे गए। संयुक्त राष्ट्र (UN) ने बुधवार को एक रिपोर्ट जारी कर यह दावा किया। रिपोर्ट के मुताबिक, सुरक्षा बलों ने प्रदर्शन को दबाने के लिए बड़े पैमाने पर गोलीबारी, गिरफ्तारियां और प्रताड़ना की।

यूएन ने इसे ‘मानवता के खिलाफ अपराध’ करार दिया और इस पर अंतरराष्ट्रीय जांच की मांग की है। पिछले साल, बांग्लादेश के छात्रों ने प्रधानमंत्री शेख हसीना का तख्तापलट करने के लिए बड़े प्रदर्शन किए थे। इन प्रदर्शनों को दबाने के लिए सुरक्षा बलों ने हिंसा का सहारा लिया था, जिसके बाद शेख हसीना को भारत में शरण लेनी पड़ी थी।

नई पार्टी की घोषणा

हसीना का तख्तापलट करने वाले छात्र आंदोलनकारियों ने ‘नूतन बांग्लादेश पार्टी’ बनाने की घोषणा की है। छात्र इस पार्टी के लिए व्यापक योजना बना रहे हैं। एंटी-डिस्क्रीमिनेशन स्टूडेंट मूवमेंट और जातीय नागरिक समिति ने 25 फरवरी के बाद पार्टी लाने की बात की है। छात्र लोकतंत्र को संस्थागत बनाने के लिए युवाओं और छात्रों की पार्टी बनाने की जरूरत महसूस कर रहे हैं।

BNP का आरोप

नूतन बांग्लादेश पार्टी की घोषणा के बाद, बांग्लादेश नेशनल पार्टी (BNP) ने आरोप लगाया है कि यह पार्टी खुफिया एजेंसी की निगरानी में बनाई जा रही है। BNP के नेताओं का कहना है कि यह नई पार्टी ‘राजा की पार्टी’ है और इसकी स्थापना में अंतरिम सरकार का हाथ है।

आंदोलन और हसीना का इस्तीफा

बांग्लादेश में छात्र आंदोलन ने शेख हसीना की सरकार के खिलाफ बड़ी हलचल मचाई थी। इस आंदोलन का कारण था 5 जून को लागू किया गया 30% जॉब कोटा सिस्टम। छात्रों ने इस आरक्षण के खिलाफ प्रदर्शन किया था। जब हसीना की सरकार ने इसे खत्म किया, तो छात्रों ने उनके इस्तीफे की मांग की। दो महीने बाद, 5 अगस्त को हसीना ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और अंतरिम सरकार का गठन किया गया। यह घटनाक्रम बांग्लादेश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ लाया और अब नए छात्र नेता सत्ता में आने की योजना बना रहे हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button