एल्बेंडाजोल टैबलेट की 6 बैच पर रोक, दवा गोदाम में लौटाने के निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज़ कॉरपोरेशन लिमिटेड (CGMSC) ने एल्बेंडाजोल टैबलेट की 6 बैच पर तत्काल रोक लगा दी है। आदेश के अनुसार अब इन दवाओं का उपयोग और वितरण नहीं होगा। जिन अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में यह दवा उपलब्ध है, वहां इसका इस्तेमाल तुरंत बंद कर दवाओं को रायपुर स्थित दवा गोदाम में लौटाना होगा।
ये सभी बैच Affy Parenterals नामक कंपनी से खरीदे गए थे। इस संबंध में कॉरपोरेशन ने अंबेडकर अस्पताल रायपुर, दाऊद कल्याण सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल (DKS), शासकीय डेंटल कॉलेज रायपुर, सभी ज़िला अस्पतालों, सीएचसी, पीएचसी और शहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों को पत्र जारी किया है।
बता दें कि एल्बेंडाजोल टैबलेट का इस्तेमाल राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर आंगनबाड़ी और स्कूलों में बच्चों को पेट के कीड़े खत्म करने के लिए कराया जाता है। अब इन बैचों पर रोक के बाद बच्चों को दवा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग को वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी।





