बलोच लिबरेशन आर्मी ने जफर एक्सप्रेस ट्रेन को किया हाईजैक: पूरी साजिश का खुलासा

बलोच लिबरेशन:11 मार्च 2025 को बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तान की जफर एक्सप्रेस ट्रेन को हाईजैक कर लिया, जो क्वैटा से पेशावर जा रही थी। इस ट्रेन में करीब 140 पाकिस्तानी सैनिक सवार थे। बलोचिस्तान के बोलन क्षेत्र में ट्रेन पर हमला हुआ। BLA के लड़ाकों ने एक सुरंग के पास ट्रैक को विस्फोट से उड़ा दिया, जिसके बाद ट्रेन रुक गई और उसे हाईजैक कर लिया गया।
BLA का दावा है कि इस हमले में 6 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, जबकि ट्रेन के ड्राइवर को भी गोली लगी। इस हमले को लेकर बलोच लिबरेशन आर्मी ने जिम्मेदारी ली है और बताया कि इस दौरान सैनिकों को बंधक बना लिया गया।
इस हाईजैकिंग से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों और सेना की विफलता पर सवाल उठ रहे हैं। ट्रेन में सैनिकों का इतना बड़ा काफिला होने के बावजूद, इस तरह का हमला कैसे हुआ, यह चिंता का विषय बन गया है। पाकिस्तान के पूर्व मंत्री फजलुर रहमान ने कुछ दिन पहले ही बलोचिस्तान में ऐसी किसी बड़ी घटना की आशंका जताई थी और कहा था कि वहां के लोग अब सेना की बात नहीं सुनेंगे और जल्द ही आंदोलन और संघर्ष तेज होगा।
बलोचिस्तान में लंबे समय से विद्रोह और हिंसा की घटनाएं हो रही हैं। इस हमले ने एक बार फिर बलोचिस्तान में पाकिस्तान सरकार और सेना के खिलाफ बढ़ते गुस्से को उजागर किया है। यह घटना न केवल पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक बड़ा झटका है, बल्कि इसने बलोचिस्तान के मुद्दे को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों में ला दिया है।





