जयपुर में प्रेमी जोड़े को जिंदा जलाने की कोशिश, हालत गंभीर

राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक प्रेमी-प्रेमिका को उनके ही परिवार वालों ने पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया। दोनों गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उन्हें SMS अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जयपुर के मोखमपुरा थाना क्षेत्र के बाड़ोलाव गांव में शुक्रवार रात प्रेमी-प्रेमिका खेत में मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें घेरकर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। आसपास के गांव वालों ने मदद के लिए तुरंत पहुंचे और दोनों को आग की लपटों से बाहर निकाला। DSP दीपक खंडेलवाल के अनुसार, दोनों लोग 60 से 70 प्रतिशत तक झुलस चुके हैं।
प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हो रहा है कि घटना प्रेम-प्रसंग से जुड़ी नाराजगी के चलते हुई है। पुलिस ने FSL टीम के साथ सबूत इकट्ठा कर संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है। पीड़ितों की हालत में सुधार होने पर उनके बयान लिए जाएंगे। पुलिस का मानना है कि परिवार की नाराजगी और तनावपूर्ण स्थिति इस घटना के मुख्य कारण हैं।





