आधी रात मांगी शराब, नहीं मिला तो चखना दुकान के कर्मचारी को जमकर पीटा

बिलासपुर। तिफरा स्थित शराब दुकान के पास बदमाशों ने चखना दुकान के कर्मचारी से आधी रात शराब मांगी। रुपये मांगने पर युवकों ने चखना दुकान के कर्मचारी की जमकर पिटाई कर दी। घायल कर्मचारी को सिम्स में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

सारंगढ़ जिले के बिलाईगढ़ क्षेत्र अंतर्गत सरसींवा में रहने वाले शिवा यादव तिफरा स्थित शराब दुकान के पास चखना दुकान में काम करते हैं। रविवार की रात वे दुकान बंद करने के बाद वहीं आराम कर रहे थे। रात करीब 12 बजे कुछ लोग वहां पर आए। उन्होंने कर्मचारी से शराब मांगी। साथ ही रुपये मांगे। मना करने पर बदमाशों ने कर्मचारी की पिटाई कर दी। शोर मचाने पर अन्य कर्मचारी वहां पर आए। इसे देखकर बदमाश वहां से भाग निकले। साथियों ने घायल कर्मचारी को सिम्स में भर्ती कराया है। घटना की सूचना सिरगिट्टी पुलिस को दी गई है।

अवैध शराब की हो रही बिक्री

जिले की चखना दुकानों से अवैध शराब की बिक्री की जा रही है। कई बार अवैध शराब बिक्री के मामले में चखना दुकान के कर्मचारियों की मिलीभगत सामने आई है। इसके बाद भी पुलिस और आबकारी विभाग की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। दुकान के कर्मचारी दिन में ही धीरे-धीरे कर शराब इकठ्ठा कर लेते हैं। रात को दुकान बंद होने के बाद ज्यादा कीमत पर शराब की बिक्री करते हैं।

पूरी रात बार से होती है सप्लाई

शहर के कई बार से पूरी रात शराब की अवैध सप्लाई की जाती है। इधर पुलिस और आबकारी की टीम इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। इसके अलावा देर रात तक शहर के बार खुले रहते हैं। शिकायत मिलने पर पुलिस केवल खानापूर्ति कर रही है। कुछ दिन पहले इस मामले में गृहमंत्री विजय शर्मा से शिकायत की गई थी। इसके बाद पुलिस केवल खानापूर्ति की। जिन बार की शिकायत की गई थी वहां से अब फिर शिकायत मिलने लगी है। इसके बाद भी पुलिस और आबकारी विभाग कार्रवाई नहीं कर रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button