बिलासपुर को बड़ी सौगात, कोनी–मोपका बायपास बनेगा फोरलेन, 80 करोड़ की मंजूरी

बिलासपुर जिले के लिए विकास से जुड़ी एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। कोनी–मोपका बायपास के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग को 80 करोड़ रुपये की शासकीय स्वीकृति मिल गई है। लंबे समय से लंबित इस सड़क को अब फोरलेन के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे शहर को यातायात के क्षेत्र में नई रफ्तार मिलेगी।

करीब 13.40 किलोमीटर लंबे इस बायपास के फोरलेन बनने के बाद आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और तेज होगा। खासतौर पर भारी वाहनों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

इस सड़क के बन जाने से शहर के अंदरूनी मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा। बाहर से आने-जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्ता मिलेगा, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना भी घटेगी। कोनी, मोपका और आसपास के इलाकों को इससे सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

फोरलेन बायपास से उद्योगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों के लिए यह सड़क समय और ईंधन की बचत का साधन बनेगी।

इस संबंध में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि कोनी–मोपका बायपास का फोरलेन निर्माण बिलासपुर के विकास में अहम भूमिका निभाएगा। यह न सिर्फ ट्रैफिक की समस्या को कम करेगा, बल्कि शहर के समग्र विकास को भी नई दिशा देगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button