संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में उत्तर पुस्तिका घोटाला, कोरोना काल में आनलाइन हुई परीक्षाएं फिर भी विश्विद्यालय ने 22 लाख से अधिक उत्तर पुस्तिकाएं खरीदी..

अंबिकापुर। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय अंबिकापुर में उत्तर पुस्तिका खरीदी में बड़ा घोटाला किया गया है।कोरोना काल में आनलाइन माध्यम से परीक्षाएं हुई। विद्यार्थियों को उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण की आवश्यकता ही नहीं थी इसके बाद भी विश्वविद्यालय ने 22 लाख से अधिक उत्तर पुस्तिकाएं एवं पूरक उत्तर पुस्किाओं की खरीदी कर ली।
छात्र-छात्राओं ने स्वयं उत्तर पुस्तिकाएं खरीदीं थी
शैक्षणिक सत्र 2019-20 एवं 2020-21 में कोरोना के कारण संत गहिरा गुरू विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन माध्यम से परीक्षाएं ली थी। घर बैठे परीक्षा देने की सुविधा में छात्र-छात्राओं ने स्वयं उत्तर पुस्तिकाएं खरीदीं। लिफाफे में उत्तर पुस्तिकाएं पोस्ट आफिस के माध्यम से जमा की गई। कोरोनाकाल में भी विश्वविद्यालय ने पांच लाख उत्तर पुस्तिकाएं और 17 लाख 30 हजार पूरक उत्तर पुस्तिकाएं खरीद लीं।
आजाद सेवा संघ छात्र संगठन ने कुलपति से शिकायत की
आजाद सेवा संघ छात्र संगठन ने सूचना के अधिकार के तहत जानकारी लेकर कुलपति से शिकायत की है।
विश्वविद्यालय के पास उत्तर पुस्तिकाओं का स्टॉक रजिस्टर भी नहीं है, जिसमें यह दर्ज हो कि, ये उत्तर पुस्तिकाएं कहां गईं और कहां हैं।
लाखों रुपये की गड़बड़ी
आजाद सेवा संघ के प्रदेश सचिव रचित मिश्रा का आरोप है कि उत्तर पुस्तिकाएं खरीदने का प्रमाणित बिल भी नहीं दिया गया, जिससे पता चल सके कि ये उत्तर पुस्तिकाएं कितनी राशि में खरीदी गईं लेकिन इसमें लाखों रुपये की गड़बड़ी की गई है।
कुलपति ने दिया जांच का भरोसा
संत गहिरा गुरू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो प्रेमप्रकाश सिंह की पदस्थापना से पहले का यह मामला है। अब शिकायत सामने आने पर उन्होंने जांच का भरोसा दिया है।
कुलपति ने कहा कि शिकायत की जांच कराई जाएगी। जांच के लिए कमेटी बनाई जा रही है। मामले में जो भी दोषी होंगे, उनके विरुद्ध कार्रवाई होगी





