रायपुर में 8 मंजिला टेक्नीकल ट्रेड टॉवर का निर्माण, युवाओं के लिए को-वर्किंग स्पेस तैयार

रायपुर। रायपुर नगर निगम ने तेलीबांधा चौक के पास 8 मंजिला टेक्नीकल ट्रेड टॉवर सेंटर का निर्माण करने की योजना बनाई है।

यह केंद्र को-वर्किंग स्पेस और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए तैयार किया जाएगा, जिससे शहर में आईटी और स्टार्टअप सेक्टर को बढ़ावा मिलेगा। नगर निगम की योजना शाखा ने इसके लिए ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया पूरी कर एजेंसी तय कर दी है। शासन से दर की स्वीकृति मिलने के बाद जल्द ही निर्माण एजेंसी को वर्कआर्डर जारी किया जाएगा।

यह ट्रेड टॉवर आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा और हैदराबाद व मुंबई जैसी मेट्रो सिटीज के स्तर का होगा। लगभग 40 करोड़ की लागत से तेलीबांधा क्षेत्र में कृष्णकुंज के पास दो एकड़ जमीन पर इसका निर्माण किया जाएगा। इसमें युवाओं के लिए को-वर्किंग स्पेस, मल्टीनेशनल कंपनियों के लिए कांफ्रेंस और मीटिंग स्पेस, मल्टीलेवल पार्किंग, क्लब हाउस और होटल जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।

नगर निगम की योजना है कि पूरा कैंपस सीसीटीवी कैमरों से सुरक्षित होगा। इसके माध्यम से युवाओं को अपने व्यवसायिक कार्य और स्टार्टअप के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। वहीं, मल्टीनेशनल कंपनियां इस टॉवर में अपने कार्यक्रम और ट्रेनिंग सेशन्स आयोजित कर सकेंगी।

महापौर मीनल चौबे ने बताया कि निर्माण एजेंसी का चयन हो चुका है और जल्द ही वर्कआर्डर जारी किया जाएगा। यह केंद्र रायपुर के आईटी और व्यवसायिक माहौल को नई दिशा देगा और युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के अवसर बढ़ाएगा। नगर निगम का यह कदम शहर को मेट्रो सिटी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button