पुडुचेरी रैली में अमित शाह का राहुल गांधी पर हमला, बोले– “झूठ बोलो और बार-बार बोलो” की है उनकी नीति

पुडुचेरी के कराईकल में आयोजित भाजपा की एक बड़ी रैली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की राजनीति की नीति है— “झूठ बोलो, जोर से बोलो, सार्वजनिक रूप से बोलो और बार-बार बोलो।”
अमित शाह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और विपक्ष रोजाना झूठ फैलाने की नई परंपरा शुरू कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब इस “झूठ गढ़ने वाली फैक्ट्री” को पहचान चुकी है।
ट्रेड डील और FTA पर घेरा
गृह मंत्री ने कहा कि विपक्ष भारत की ट्रेड डील और FTA को लेकर भ्रम फैला रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यूरोपियन यूनियन, इंग्लैंड और अमेरिका के साथ अहम व्यापार समझौते किए गए हैं।
शाह ने कहा कि इन समझौतों में देश के किसानों, पशुपालकों और मछुआरों को 100 प्रतिशत सुरक्षा दी गई है। उन्होंने मंच से राहुल गांधी को संबोधित करते हुए कहा कि पहले इन समझौतों की बारीकियों को ध्यान से पढ़ लें, क्योंकि इससे किसानों को कोई नुकसान नहीं होने वाला है।
2029 में फिर बनेगी एनडीए सरकार
अमित शाह ने दावा किया कि 2029 के लोकसभा चुनाव में फिर से मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की बारी आने वाली नहीं है।
शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस समय हुए कुछ वैश्विक समझौतों से किसानों को नुकसान हुआ था।
CAG रिपोर्ट का हवाला
गृह मंत्री ने पुडुचेरी की पूर्व कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि CAG रिपोर्ट में 15 हजार करोड़ रुपये की विकास निधि में गड़बड़ी की बात सामने आई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान केंद्र शासित प्रदेश में भ्रष्टाचार फैला हुआ था।
शाह ने कहा कि एनडीए सरकार ने पुडुचेरी में राजनीतिक स्थिरता लाई है और भ्रष्टाचार खत्म करने का काम किया है। उन्होंने “डबल इंजन सरकार” का रिपोर्ट कार्ड जल्द जनता के सामने रखने की बात भी कही।
रैली के दौरान अमित शाह ने तमिल भाषा में संबोधन न कर पाने पर खेद जताया और पुडुचेरी की ऐतिहासिक विरासत की भी सराहना की।





