मंत्रीमंडल विस्तार पर अमरजीत भगत का तंज – “ये तो बस झुनझुना है”

रायपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अमरजीत भगत एक बार फिर अपने अंदाज को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर तीखा तंज कसा है।
अमरजीत भगत ने मीडिया से बातचीत में कहा, “ये मंत्रिमंडल विस्तार नहीं, सिर्फ झुनझुना है। सिर्फ दिखा रहे हैं, दे कुछ नहीं रहे।” उन्होंने कहा कि पुराने साथी राजेश मूणत और अजय चंद्राकर का नाम ही सूची से हटा दिया गया है, और अब नितिन नबीन आएंगे और झुनझुना बजाएंगे।
इसके साथ ही उन्होंने बर्खास्त बीएड सहायक शिक्षकों के समायोजन पर भी सरकार को घेरा। इस मुद्दे पर बृजमोहन अग्रवाल द्वारा लिखे गए पत्र को उन्होंने “पेपर बम” बताया। अमरजीत भगत ने कहा, “सांसद अग्रवाल का राज्य सरकार से कोई तालमेल नहीं दिखता।”
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जो बहन-बेटियां अपनी समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रही हैं, उनके समाधान की जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने कहा कि सत्ता सिर्फ सुख भोगने के लिए नहीं होती, जनता की सेवा के लिए होती है।





