भाजपा की अंदरूनी कलह का आरोप, कांग्रेस बोली– आपसी विवाद के चलते कार्यक्रम हुआ स्थगित

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पार्टी के अंदर आपसी विवाद इतने बढ़ गए हैं कि बिलासपुर में प्रस्तावित एक कार्यक्रम को ऐन वक्त पर स्थगित करना पड़ा।
कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर लिखा कि छत्तीसगढ़ भाजपा में अंतर्कलह अब खुलकर सामने आने लगी है। आपसी खींचतान का असर इतना ज्यादा रहा कि सोमवार दोपहर होने वाला कार्यक्रम अंतिम समय पर रद्द करना पड़ा। कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा कि तैयारियां पूरी थीं, मंच सजा हुआ था, लेकिन अंत में सब कुछ बेकार चला गया।

कांग्रेस ने सवाल उठाया कि क्या भाजपा संगठन में समन्वय की कमी है या फिर सत्ता के भीतर वर्चस्व की खुली लड़ाई चल रही है।
इसके साथ ही कांग्रेस ने नगर निगम बिलासपुर के एक कार्यक्रम का आमंत्रण पत्र भी सोशल मीडिया पर साझा किया। कांग्रेस का दावा है कि इस आमंत्रण पत्र में बिलासपुर के वरिष्ठ विधायक अमर अग्रवाल का नाम तक शामिल नहीं था, जो पार्टी के अंदर चल रहे मतभेदों की ओर इशारा करता है।
कांग्रेस ने इस पूरे मामले को लेकर कहा कि छत्तीसगढ़ भाजपा में अंदरूनी कलह अब खुलेआम सामने आने लगी है और इसका असर पार्टी के कार्यक्रमों पर भी दिखाई देने लगा है।





