बिलासपुर बॉक्सिंग रिंग में शराब-चिकन पार्टी पर एक्शन: हाईकोर्ट की फटकार के बाद रेलवे ने 12 कर्मचारियों पर गाज गिराई, 7 को खेल गतिविधियों से हटाया

बिलासपुर में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बॉक्सिंग रिंग में स्पोर्ट्स ऑफिसर के जन्मदिन पर हुई शराब और चिकन पार्टी के मामले में हाईकोर्ट की सख्ती के बाद अब रेलवे प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। रेलवे के महाप्रबंधक (GM) ने शपथपत्र में बताया कि 12 कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है, जिनमें से 7 को खेल गतिविधियों से हटा दिया गया है।
यह मामला तब सामने आया जब सोशल मीडिया पर जून महीने में हुई पार्टी की तस्वीरें वायरल हुईं। दरअसल, 25 जून को स्पोर्ट्स सेल इंचार्ज श्रीकांत पहाड़ी ने अपने साथी कोच देवेंद्र यादव का जन्मदिन बॉक्सिंग क्लब में मनाया था। पार्टी में मछली फ्राई और चिकन पकाया गया, बीयर और शराब भी परोसी गई। खिलाड़ियों के ट्रेनिंग एरिया में हुई इस पार्टी की तस्वीरें सामने आने के बाद जन आक्रोश बढ़ा।
दैनिक भास्कर डिजिटल की खबर पर स्वतः संज्ञान लेते हुए हाईकोर्ट ने इस मामले को जनहित याचिका मानकर सुनवाई शुरू की। कोर्ट ने छुट्टी के दिन विशेष सुनवाई करते हुए रेलवे जोन के GM से पूछा कि दोषियों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है। अदालत ने टिप्पणी की कि “अगर कोर्ट संज्ञान नहीं लेता तो यह मामला दब जाता।”
रेलवे की ओर से डिप्टी सॉलिसिटर जनरल रमाकांत मिश्रा ने बताया कि 12 कर्मचारियों पर नियम 68 के तहत विभागीय जांच प्रस्तावित की गई है। 7 अधिकारियों को तत्काल स्पोर्ट्स असाइनमेंट से हटा दिया गया है। जांच 100 दिनों के भीतर पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।
हाईकोर्ट की बेंच — चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस बी.डी. गुरु — ने नाराजगी जताते हुए पूछा कि “घटना जून की है, फिर भी GM को इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई? क्या अधिकारियों ने जानबूझकर मामले को दबाने की कोशिश की?”
रेलवे ने कार्रवाई के तहत जिन कर्मचारियों को हटाया है, उनमें श्रीकांत पहाड़ी, देवेंद्र यादव, सुमित कुमार, पी. ईश्वर राव, पी. तुलसी राव, वाई. नागू राव और पूर्णेन्द्र साहू शामिल हैं। कोर्ट ने कहा कि खिलाड़ियों के प्रशिक्षण स्थल पर शराब पार्टी जैसी घटनाएं खेल भावना का अपमान हैं और ऐसे मामलों में सख्त कदम जरूरी हैं।





