Accident Hotspot: दिल्ली पब्लिक स्कूल के सामने हादसों का हॉटस्पॉट बना डिवाइडर
Accident Hotspot: कुंभकर्णी नींद में पीडब्ल्यूडी-लोगों की जान पर संकट

बिलासपुर से इस वक्त की बेहद गंभीर और खतरनाक खबर सामने आई है। (Accident Hotspot) पीडब्ल्यूडी विभाग की लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। शहर के चित्रा क्षेत्र में स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल के ठीक सामने बनाए गए डिवाइडर ने आम लोगों के लिए बड़ा खतरा खड़ा कर दिया है। यहां बना डिवाइडर बिना पेंट, बिना रेडियम, और बिना किसी स्पष्ट चेतावनी बोर्ड के लोगों के लिए मौत का जाल बन गया है। ग्रैंड न्यूज़ की टीम जब मौके पर पहुंची तो देखा कि डिवाइडर के पास लगा बोर्ड किसी पुराने हादसे में पूरी तरह टेढ़ा हो चुका है और उस पर आज तक रेडियम तक नहीं लगाया गया।
बिना पेंट–बिना रेडियम का डिवाइडर, रात में मौत का साया. (Accident Hotspot)
रात के समय यह बोर्ड और डिवाइडर बिल्कुल भी दिखाई नहीं देते, जिसके चलते आए दिन दुर्घटनाएँ बढ़ती जा रही हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क से हर रोज लाखों लोग गुजरते हैं, लेकिन सड़क विभाग की लापरवाही की वजह से यहां हमेशा खतरे की तलवार लटकी रहती है। रात होते ही यहां स्थिति और भी जानलेवा बन जाती है, क्योंकि वाहन चालकों को अचानक सामने डिवाइडर दिखाई नहीं देता और उनकी गाड़ी सीधी टकरा जाती है।
कई लोग घायल हुए, कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए लेकिन विभाग की नींद अब तक नहीं टूटी है।लोगों का साफ कहना है कि इतने महत्वपूर्ण स्थान पर सड़क विभाग का इस तरह बेपरवाह होना खतरनाक है। डिवाइडर पर पेंट न होना, रेडियम न होना और चेतावनी बोर्ड का मुड़ा पड़ा रहना साबित करता है कि इस मार्ग पर सुरक्षा को लेकर विभाग बिल्कुल गंभीर नहीं है।
टेढ़ा बोर्ड,गायब रेडियम,दुर्घटनाओं का सिलसिला जारी….
क्षेत्रवासियों ने पीडब्ल्यूडी से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। (Accident Hotspot) उनका कहना है कि जब तक इस डिवाइडर को ठीक नहीं किया जाता, नया बोर्ड नहीं लगाया जाता और रेडियम का इंतजाम नहीं होता तब तक यहां रोज हादसे होते रहेंगे।अब देखने वाली बात यह है कि क्या पीडब्ल्यूडी विभाग इस खबर के बाद जागेगा, या फिर हमेशा की तरह कुंभकर्णी नींद में डूबा रहेगा और लोग इसी तरह घायल होते रहेंगे।ग्रैंड न्यूज़ इस मुद्दे को लगातार उठाता रहेगा, ताकि जिम्मेदारों को जवाबदेह बनाया जा सके और लोगों की जान सुरक्षित रहे।





