केजरीवाल की पेशी पर AAP की चुनौती: लाइव स्ट्रीमिंग करो

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की विधानसभा विशेषाधिकार समिति के सामने होने वाली पेशी को लेकर बीजेपी को खुली चुनौती दी है। पार्टी का कहना है कि अगर सरकार में हिम्मत है तो पूरी कार्यवाही की लाइव स्ट्रीमिंग की जाए, ताकि दिल्ली की जनता सच देख सके।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अतीशी ने कहा कि अगर पेशी की लाइव स्ट्रीमिंग होती है तो यह साफ हो जाएगा कि बीजेपी के पास जनहित के मुद्दों पर बात करने के बजाय केवल केजरीवाल पर हमला करने का एजेंडा है।
‘फांसी घर’ बनाम ‘टिफिन घर’ विवाद
आतिशी ने दावा किया कि दिल्ली विधानसभा के रेनोवेशन के दौरान एक गुप्त कमरा मिला था, जिसमें रस्सियां, कांच की गोलियां, पुराने जूते और कपड़े पाए गए थे। उनके मुताबिक यह कमरा ब्रिटिश काल में बनाया गया था और यहां स्वतंत्रता सेनानियों को चुपचाप सजा देने के लिए इस्तेमाल किया जाता था।
उन्होंने कहा कि उस समय के स्पीकर रामनिवास गोयल , तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने इस जगह को जनता के लिए खोलने का फैसला लिया था, ताकि लोग ब्रिटिश शासन के अत्याचारों को देख सकें।
बीजेपी पर लगाए आरोप
आतिशी ने आरोप लगाया कि अब बीजेपी कह रही है कि वहां फांसी घर नहीं बल्कि “टिफिन घर” था। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या किसी टिफिन घर के लिए सुरंग बनाकर गुप्त रास्ता तैयार किया जाता है?
उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी अंग्रेजों के दस्तावेजों का हवाला देकर इस जगह को फांसी घर मानने से इनकार कर रही है, जबकि इतिहास में कई ऐसे गुप्त स्थान रहे हैं जहां स्वतंत्रता सेनानियों को गैर-न्यायिक तरीके से सजा दी जाती थी।
जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप
आतिशी ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण, पानी की समस्या, सड़कों की हालत और निजी स्कूलों की फीस जैसे बड़े मुद्दे हैं, लेकिन सरकार इन पर चर्चा करने के बजाय केजरीवाल को बुलाकर पूछताछ करने में लगी हुई है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने सरकार को काम करने के लिए चुना है, न कि राजनीतिक विवादों में समय गंवाने के लिए।




