बर्थडे पार्टी के बहाने युवक को बुलाकर बनाया अश्लील वीडियो, ब्लैकमेल कर मांगे 1 लाख रुपये

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बर्थडे पार्टी के बहाने युवक को घर बुलाकर उसका अश्लील वीडियो बनाने और बाद में ब्लैकमेल कर पैसे मांगने का मामला सामने आया है। आरोपी महिला ने वीडियो के स्क्रीनशॉट भेजकर युवक से एक लाख रुपये की मांग की और पैसे नहीं देने पर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार केंवतरा आवासपारा निवासी नोहर कुमार सूर्यवंशी (33) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि उसकी पहचान पास के गांव में रहने वाली एक महिला से थी। महिला ने अपने बेटे के जन्मदिन के बहाने उसे घर बुलाया था।
बताया जा रहा है कि जब युवक घर पहुंचा तो वहां उसकी परिचित एक अन्य महिला भी मौजूद थी। घर में पहले से एक कमरा खाली रखा गया था। आरोपी महिला ने युवक और उसकी महिला मित्र को उसी कमरे में भेज दिया। इस दौरान दोनों के बीच संबंध बने और इसी दौरान कमरे के बाहर से उनका वीडियो बना लिया गया।
कुछ दिनों बाद आरोपी महिला ने युवक को मोबाइल पर अश्लील वीडियो का स्क्रीनशॉट भेजा और बताया कि उसके पास पूरा वीडियो मौजूद है। इसके बाद महिला ने एक लाख रुपये की मांग की और रकम नहीं देने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।
ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के तरीके को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि युवक के साथ मौजूद महिला की भी इस साजिश में भूमिका हो सकती है। हालांकि इस संबंध में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





