बलरामपुर में बस का इंतजार कर रहे बच्चे को बाइक सवार ने कुचला, ड्राइविंग करते हुए फोन पर कर रहा था बात

बलरामपुर: बलरामपुर में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है. सड़क किनारे खड़े बच्चे को तेज रफ्तार बाइक सवार ने कुचलकर मार डाला. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक चालक फरार हो गया.

बस के इंतजार में सड़क किनारे भाई के साथ खड़ा था बच्चा: जानकारी के मुताबिक सनावल गांव में 10 साल का मासूम पीयूष कुमार सोमवार शाम अपने घर के बाहर खड़ा होकर बस का इंतजार कर रहा था. साथ में उसका बड़ा भाई भी मौजूद था. इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रहे बाइक चालक ने बच्चे को टक्कर मार दी और बाइक लेकर वहां से फरार हो गया. परिजन तुरंत बच्चे का इलाज कराने सनावल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए, जहां मरहम-पट्टी करने के बाद बच्चे को रामानुजगंज रेफर कर दिया गया लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्चे ने दम तोड़ दिया.

आरोपी बाइक सवार की तलाश में बलरामपुर पुलिस: सनावल थाना प्रभारी अजय साहू का कहना है कि ” एक्सीडेंट की सूचना मिलने के बाद मर्ग कायम कर लिया गया है. अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. बच्चे के शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है. अज्ञात बाइक चालक की तलाश में हमारी टीम जुटी हुई है.”

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button