रायपुर में व्यापारी पर जानलेवा हमला, बीच सड़क हॉकी-डंडों से पिटाई; 4 आरोपी हिरासत में

रायपुर। रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक व्यापारी पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना रोहिणीपुरम तालाब के पास की है, जहां करीब पांच से ज्यादा लड़कों ने व्यापारी को दौड़ाकर बीच सड़क पर पीटा। आरोपियों ने हॉकी स्टिक, डंडे और नुकीली वस्तुओं से हमला किया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें व्यापारी को चारों तरफ से घेरकर पिटाई करते दिखाया गया है।
पीड़ित वैभव सिंह, जो रंगी ऑप्टिकल का व्यवसाय करता है, अपनी कार से सुंदर नगर की ओर जा रहा था। कार में उसके साथ मोहम्मद अमन और आकाश ठाकुर भी मौजूद थे। शाम करीब 7:30 बजे वासुदेव हॉस्पिटल के पास शाहरुख भंडार ने अपनी स्कूटी कार के सामने रोक दी। इसी बीच राजिक नाना, गौरव हेपट, शुभम मिश्रा और अन्य आरोपी दूसरी कार से आए और पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते आरोपियों ने हॉकी और नुकीले हथियारों से व्यापारी पर हमला कर दिया।
हमले में व्यापारी वैभव के सिर, माथे और पैरों में गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने कार के कांच को भी तोड़ दिया। घायल व्यापारी ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों पर जानलेवा हमले यानी हाफ मर्डर की धारा के तहत एफआईआर दर्ज की है। फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी शाहरुख भंडार, राजिक नाना, गौरव हेपट और शुभम मिश्रा को हिरासत में लिया है। मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है। इस घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।





