जशपुर: कोकिया नदी पर बनेगा 3.32 करोड़ की लागत से पुल, दर्जनों गांवों को मिलेगा फायदा

जशपुर। भालूमुंडा से खेजूरघाट मार्ग पर कोकिया नदी के ऊपर लगभग 3 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग बनाया जाएगा। इसकी मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है।
इस पुल के बनने से फरसाबहार ब्लॉक के कोरंगामाल, भालूमुंडा, पेटामेरा, अंकिरा, खरीबहार, जुड़वाइन, सागजोर, परेवाआरा समेत कई गांव सीधे ओडिशा से जुड़ जाएंगे। वहीं रेडेघाट, सोनाजोरी, बनखेता, माटीहेजा जैसे गांव भी ब्लॉक मुख्यालय से सीधे जुड़कर विकास की मुख्यधारा में शामिल होंगे।
बरसात के दिनों में यहां नदी पार करना हमेशा बड़ी चुनौती रहा है। पानी बढ़ने पर लोगों की आवाजाही रुक जाती थी, जिससे बच्चों की पढ़ाई, मरीजों की इलाज की सुविधा और रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित होते थे। पुल बनने के बाद यह समस्या पूरी तरह खत्म हो जाएगी।
पुल से यात्रा का समय और दूरी दोनों कम होंगे, जिससे शिक्षा, कृषि, व्यापार और चिकित्सा जैसी सुविधाओं तक आसानी से पहुंच संभव होगी। इससे आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीणों का जीवन स्तर बेहतर होगा।
ग्रामीणों ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताया है।





