नवा रायपुर में कामकाजी महिलाओं के लिए बनेगा 1000 क्षमता वाला हॉस्टल

नवा रायपुर में कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराने के लिए बड़ा प्रोजेक्ट शुरू किया गया है। सेक्टर-16 में लगभग 109 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक वर्किंग वुमन हॉस्टल का निर्माण किया जा रहा है। इस हॉस्टल में एक साथ करीब 1000 महिलाएं रह सकेंगी।
निर्माण कार्य का ठेका श्री कृपा प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया है और एजेंसी को दिसंबर 2026 तक परियोजना पूरी करने का लक्ष्य दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार भवन का निर्माण आधुनिक सुरक्षा मानकों और आवश्यक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है।
इस परियोजना के तहत दो अलग-अलग सात मंजिला इमारतें बनाई जाएंगी। एक इमारत में सिंगल और डबल बेड वाले कमरे होंगे, जबकि दूसरी इमारत में डोरमेट्री की व्यवस्था रहेगी। यहां रहने वाली महिलाओं के लिए भोजन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में आईटी, बैंकिंग, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और निजी कंपनियों में बड़ी संख्या में महिलाएं कार्यरत हैं। लेकिन सुरक्षित और किफायती आवास की कमी लंबे समय से एक समस्या बनी हुई है। हॉस्टल बनने के बाद बाहर से आकर काम करने वाली महिलाओं को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
हॉस्टल परिसर में इनडोर गेम्स, कॉमन रूम, लाइब्रेरी, जिम और मल्टीपरपज हॉल जैसी सुविधाएं भी रहेंगी। सुरक्षा के लिए 24 घंटे गार्ड तैनात रहेंगे, सीसीटीवी निगरानी और बायोमेट्रिक एंट्री सिस्टम लगाया जाएगा। इसके अलावा पार्किंग, लिफ्ट, पावर बैकअप और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था भी की जाएगी।
भवन को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि प्राकृतिक रोशनी और हवा का पर्याप्त प्रवाह बना रहे। परियोजना के निर्माण के दौरान स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं, जबकि संचालन शुरू होने के बाद प्रबंधन, सुरक्षा, हाउसकीपिंग और खानपान से जुड़े लोगों के लिए भी रोजगार के नए अवसर बनेंगे।
अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की सुविधाएं विकसित होने से नवा रायपुर में निवेश और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा और कामकाजी महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।





