सरकारी तालाब में अवैध खुदाई रोकने पर पार्षद को जान से मारने की धमकी, FIR की मांग

बिलासपुर। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 47 पं. रामगोपाल तिवारी नगर, मोपका स्थित सरकारी बावा तालाब में अवैध खुदाई का गंभीर मामला सामने आया है। अवैध गतिविधि को रोकने पहुंचे वार्ड पार्षद मोहन श्रीवास के साथ दबंगों ने गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी दी।
पार्षद मोहन श्रीवास के अनुसार, 23 जनवरी 2026 की रात करीब 12 बजे सित्तेश दर्वे और उसके साथियों द्वारा तालाब में हाइवा और जेसीबी मशीन से अवैध खुदाई की जा रही थी। खुदाई में प्रयुक्त वाहन का नंबर CG10 AU 1217 बताया गया है। मौके पर पहुंचकर जब पार्षद ने अवैध खुदाई रोकने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए खुलेआम धमकियां दीं।

घटना के बाद पार्षद ने पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर को लिखित ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। यह मामला न केवल जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करता है, बल्कि सरकारी संसाधनों की खुलेआम लूट की ओर भी इशारा करता है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर कितनी तेजी से कार्रवाई करता है।





