गर्मी से पहले अलर्ट नगर निगम: रायपुर में पेयजल संकट से निपटने के लिए महापौर मीनल चौबे ने दिए सख्त निर्देश

रायपुर।आगामी गर्मी के मौसम में संभावित गहन पेयजल संकट को देखते हुए रायपुर नगर पालिक निगम ने अभी से तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में नगर निगम कार्यालय में महापौर मीनल चौबे ने रायपुर उत्तर और रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के जोन क्रमांक 4, 5, 6 और 10 के सभी वार्ड पार्षदों और निगम अधिकारियों की अहम बैठक ली।
बैठक में महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गर्मी शुरू होने से पहले ही पेयजल संकट से निपटने के लिए ठोस और समयबद्ध प्रशासनिक तैयारियां शुरू की जाएं। उन्होंने कहा कि जिन वार्डों में हर साल गर्मी के दौरान पानी की गंभीर समस्या होती है, वहां स्थायी समाधान जरूरी है।
महापौर मीनल चौबे ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पार्षदों के सुझाव और अनुशंसा के आधार पर जरूरत के अनुसार नई पाइपलाइन बिछाने के प्रस्ताव प्राथमिकता से तैयार किए जाएं। इन प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति देकर काम शुरू किया जाए, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी वार्डों में पार्षदों के साथ मिलकर जमीनी स्तर पर स्थिति का आकलन करें और संकटग्रस्त क्षेत्रों की सूची बनाकर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही पार्षदों से भी आग्रह किया गया कि वे अपने-अपने वार्डों में संभावित जल समस्याओं की जानकारी समय रहते निगम को दें।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आवश्यकता पड़ने पर टैंकरों की व्यवस्था, अतिरिक्त बोर खनन, पंपों की मरम्मत और जल आपूर्ति की समय-सारिणी की नियमित समीक्षा की जाएगी। महापौर ने साफ कहा कि नागरिकों को निर्बाध और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस बैठक में एमआईसी सदस्य, जोन अध्यक्ष, पार्षदों के साथ-साथ नगर निगम के वरिष्ठ अभियंता और अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों को तय कार्ययोजना के अनुसार तुरंत काम शुरू करने के निर्देश दिए गए, ताकि गर्मी के मौसम में रायपुरवासियों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े।





