कवर्धा में महिला कांग्रेस नेत्री पर जानलेवा हमला, हंसिया से किया वार, हालत गंभीर

कवर्धा। जिले से एक सनसनीखेज और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। महिला कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष गंगोत्री योगी पर उनके ही परिवार के सदस्य ने प्राणघातक हमला कर दिया। हमले में गंगोत्री योगी के सिर, चेहरे, हाथ और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज जारी है।

यह घटना पिपरिया थाना क्षेत्र के ग्राम मोहगांव की है। जानकारी के अनुसार 27 जनवरी की शाम गंगोत्री योगी एक पारिवारिक कार्यक्रम में अपने बड़े भाई नेम नाथ योगी के घर गई थीं। इसी दौरान घर में किसी बात को लेकर नेम नाथ योगी और उनकी पत्नी के बीच झगड़ा हो रहा था। विवाद बढ़ता देख गंगोत्री योगी ने दोनों को शांत कराने की कोशिश की।

बताया जा रहा है कि इसी बात से नेम नाथ योगी गुस्से में आ गया और पास में रखे हंसिया से अचानक गंगोत्री योगी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक खून बहने के कारण वे मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

परिजनों ने तत्काल घायल गंगोत्री योगी को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है। अगले दिन परिजनों की शिकायत पर पिपरिया थाना में आरोपी नेम नाथ योगी के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।

पिपरिया थाना प्रभारी अमित कश्यप ने बताया कि महिला पर हंसिया से जानलेवा हमला किए जाने का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी इस हमले को लेकर चिंता और आक्रोश देखा जा रहा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button