ग्राहक बनकर ज्वेलरी शॉप से चेन चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार, ओडिशा से पकड़ी गई आरोपी

रायपुर के सदर बाजार स्थित एक ज्वेलरी शॉप से सोने की चेन चोरी करने वाली अंतर्राज्यीय महिला आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला ग्राहक बनकर दुकान में पहुंची थी और बातचीत में उलझाकर करीब 50 हजार रुपए की चेन चोरी कर फरार हो गई थी।

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी निशा गुप्ता को ओडिशा के काटाभांजी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन भी बरामद कर ली गई है।

दुकान संचालक प्रिंस जैन ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 15 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 3 बजे एक महिला उनकी दुकान में आई थी। उसने सोने की चेन देखने के बहाने सेल्समेन को बातचीत में उलझाया और मौका पाकर चेन चोरी कर ली। इसके बाद वह दुकान से बाहर निकल गई।

घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। पुलिस ने फुटेज के आधार पर जांच शुरू की और तकनीकी विश्लेषण व मुखबिर की सूचना के जरिए आरोपी की पहचान की।

लगातार 14 दिन तक जांच के बाद पुलिस टीम ओडिशा पहुंची और वहां से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में महिला ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(ए) के तहत मामला दर्ज किया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button