स्कूलों में अलग शौचालय और सेनेटरी मशीन लगाने के निर्देश, सरकारी योजनाओं की समीक्षा

रायपुर जिले में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर जिला स्तर पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की प्रभारी सचिव ऋचा शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंचे और शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाए।
बैठक के दौरान स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए प्रभारी सचिव ने सभी स्कूलों में छात्र और छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही स्कूलों में सेनेटरी वेंडिंग मशीन लगाने, उनके नियमित संचालन और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
उन्होंने विद्यार्थियों की शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए अटल टिंकरिंग लैब और आवश्यकतानुसार पुस्तकालय की सुविधा उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। साथ ही प्रोजेक्ट अजा और रेडक्रॉस सोसायटी के कार्यों की सराहना की।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की समीक्षा में बताया गया कि पीएमएवाय 2.0 को मंजूरी मिल चुकी है और निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। प्रभारी सचिव ने सुझाव दिया कि नए आवास इस तरह बनाए जाएं, जिससे गर्मी से राहत मिल सके। उन्होंने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और जल जीवन मिशन के तहत तय लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जिले में संचालित प्रोजेक्ट सुरक्षा, प्रोजेक्ट धड़कन, स्मृति पुस्तकालय और प्रोजेक्ट दधीचि सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेडक्रॉस के तीन हजार से अधिक सक्रिय सदस्य हैं और “प्रोजेक्ट जिंदगी मुस्कुराएगी” के तहत जरूरतमंद बच्चों का इलाज कराया जा रहा है।
बैठक में नगर निगम आयुक्त, जिला पंचायत सीईओ, वन विभाग के अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि योजनाओं का प्रभावी लाभ जनता तक पहुंच सके।





