छत्तीसगढ़ में बढ़ी ठंड: सरगुजा-रायपुर में कोहरा, अगले तीन दिन गिरेगा तापमान

छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सरगुजा, रायपुर और पेंड्रा समेत कई इलाकों में सुबह से घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, सरगुजा संभाग और आसपास के जिलों में अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। वहीं रायपुर, बिलासपुर और बस्तर संभाग में अगले चार दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 11 डिग्री सेल्सियस रहा। अंबिकापुर, रायपुर और आसपास के जिलों में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिला। रायपुर में दिन का तापमान करीब 31.1 डिग्री और रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
पेंड्रा में घना कोहरा छाया हुआ है और अमरकंटक में हल्की बूंदाबांदी हो रही है। कोहरे के कारण सड़कों पर विजिबिलिटी काफी कम हो गई है। अमरकंटक में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और पेंड्रा में 12 डिग्री दर्ज किया गया है। मैनपाट क्षेत्र में सुबह ओस जमकर बर्फ में बदल गई, जिससे ठंड और बढ़ गई है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले तीन से चार दिनों तक प्रदेश में हल्की सर्दी और हल्की गर्मी का मिला-जुला असर बना रहेगा। मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
ठंड का असर बच्चों की सेहत पर भी देखने को मिल रहा है। बीते एक महीने में विभिन्न अस्पतालों में हाइपोथर्मिया के 400 से अधिक मामले सामने आए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चों का शरीर जल्दी ठंडा होता है, जिससे उनमें इस बीमारी का खतरा ज्यादा रहता है। खासतौर पर नवजात और सिजेरियन डिलीवरी से जन्मे बच्चों में जोखिम अधिक होता है।
हाइपोथर्मिया एक गंभीर स्थिति है, जिसमें शरीर का सामान्य तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जाता है। ठंडी हवा और नमी के संपर्क में आने से शरीर तेजी से गर्मी खोता है, जिससे यह स्थिति पैदा हो सकती है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने अपील की है कि ठंड के मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें और बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनें। अचानक तापमान में बदलाव से सर्दी-जुकाम, वायरल बुखार और अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
डॉक्टरों ने सर्दियों में इम्यूनिटी मजबूत रखने की सलाह दी है। विटामिन सी युक्त फल जैसे संतरा, नींबू और आंवला खाने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। इसके अलावा अदरक और तुलसी की चाय या काढ़ा पीने से सर्दी-जुकाम और खांसी में राहत मिल सकती है।





